जांजगीर-चांपा : शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने के आरोपी पीयूष जायसवाल के खिलाफ अब पुलिस ने शिकंजा और कस दिया है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ गृह मंत्रालय के माध्यम से लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है। इसके बाद देश के सभी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बंदरगाहों और सीमावर्ती चेक पोस्टों पर उसकी निगरानी की जाएगी, ताकि वह देश छोड़कर फरार न हो सके।
कई जिलों के लोगों से करोड़ों की ठगी का आरोप
पुलिस के अनुसार, आरोपी पर जांजगीर-चांपा, कोरबा सहित कई क्षेत्रों के लोगों से शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। मामले में उसके खिलाफ कई प्रकरण दर्ज हैं और अदालत से गिरफ्तारी वारंट भी जारी हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद वह लगातार फरार चल रहा है।
गृह मंत्रालय ने जारी किया LOC
आरोपी की लगातार गिरफ्तारी से बचने की कोशिशों को देखते हुए पुलिस ने उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी कराने की कार्रवाई की। अब यदि आरोपी किसी भी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बंदरगाह या सीमा से देश छोड़ने की कोशिश करता है, तो संबंधित एजेंसियां उसे रोककर तत्काल पुलिस को सूचना देंगी।
पुलिस ने लोगों से मांगी मदद
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से भी आरोपी के संबंध में सूचना देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
जानकारी देने के लिए पुलिस ने ये नंबर जारी किए हैं—
- पुलिस कंट्रोल रूम, जांजगीर-चांपा: 94791-93199
- थाना प्रभारी, चांपा: 79874-60292
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि आरोपी के संबंध में कोई भी जानकारी हो तो तत्काल इन नंबरों पर संपर्क करें, ताकि उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।











































