रायपुर : कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और युवाओं के बीच पार्टी की पकड़ बढ़ाने की रणनीति पर मंथन के लिए 29 जुलाई को नई दिल्ली में पार्टी की अहम समीक्षा बैठक होने जा रही है। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस नेता राहुल गांधी करेंगे। इसमें देशभर के प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष और विधानसभाओं में नेता प्रतिपक्ष शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ कांग्रेस की ओर से प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज भी बैठक में शामिल होकर राज्य के संगठन और राजनीतिक हालात पर प्रेजेंटेशन देंगे।
युवाओं पर रहेगा विशेष फोकस
सूत्रों के अनुसार बैठक में राहुल गांधी विशेष रूप से युवाओं के बीच कांग्रेस की पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा करेंगे। पार्टी संगठन को मजबूत करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और आने वाले चुनावों की तैयारियों को लेकर भी विस्तार से मंथन होगा।
छत्तीसगढ़ की स्थिति पर होगी चर्चा
बैठक में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे, राजनीतिक परिस्थितियों और भविष्य की रणनीति पर भी चर्चा होगी। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज राज्य की मौजूदा स्थिति और संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तृत प्रेजेंटेशन देंगे।
भाजपा भी युवाओं पर कर रही फोकस
इधर भारतीय जनता पार्टी भी युवाओं के बीच अपनी सक्रियता बढ़ा रही है। भाजपा की ओर से भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) को युवाओं से संपर्क बढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई है।
भाजपा पर भूपेश बघेल का निशाना
भाजपा की इस रणनीति पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल षड्यंत्र की राजनीति करती है।
भूपेश बघेल ने कहा,
“ये लोग केवल षड्यंत्र कर सकते हैं। ये षड्यंत्रकारी लोग हैं। आजादी से लेकर आज तक इन्होंने षड्यंत्र ही किए हैं, और कुछ नहीं कर सकते।”
भूपेश बघेल ने भाजपा द्वारा युवाओं को साधने की कोशिश पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि यह केवल राजनीतिक रणनीति का हिस्सा है।


























