नई दिल्ली : कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने जंतर-मंतर पर कई दिनों से चल रहे छात्र आंदोलन को वापस लेने का ऐलान कर दिया है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास और राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि सरकार के साथ बातचीत में उनकी तीनों प्रमुख मांगों पर सहमति बन गई है। इसके बाद आंदोलन खत्म करने का फैसला लिया गया। आंदोलन समाप्त होने के बाद केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह ने CJP के नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका से मुलाकात कर हाथ मिलाया।
तीन दौर की हुई बातचीत
आशुतोष रांका ने बताया कि सरकार के प्रतिनिधियों के साथ तीन दौर की बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि आंदोलन की तीन मुख्य मांगें थीं। पहली, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा। दूसरी, प्रदर्शनकारियों और आंदोलन से जुड़े लोगों के खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर वापस लेना और भविष्य में कोई नया मामला दर्ज नहीं करना। तीसरी, NEET परीक्षा विवाद के बाद जान गंवाने वाले छात्रों के परिवारों को ₹1 करोड़ का मुआवजा देना। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद उनकी पहली मांग पूरी हो गई है।
एफआईआर वापस लेने का भरोसा
मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि सरकार ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर वापस लेने का भरोसा दिया है। यह सिर्फ दिल्ली ही नहीं, बल्कि भाजपा शासित और भाजपा समर्थित राज्यों पर भी लागू होगा। उन्होंने बताया कि सरकार तीन से चार दिनों के भीतर दर्ज सभी एफआईआर की प्रतियां साझा करेगी। उनके अनुसार, केवल दिल्ली में ही करीब 15 से 20 एफआईआर दर्ज हुई थीं।
लिखित गारंटी का इंतजार
सौरव दास ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी ने सरकार को एक ड्राफ्ट दिया है, जिसमें सभी सहमत बिंदुओं को लिखित रूप में शामिल किया गया है। सरकार ने भरोसा दिया है कि मंगलवार तक लिखित गारंटी साझा कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार के आश्वासन और सकारात्मक बातचीत को देखते हुए संगठन ने अच्छी नीयत से आंदोलन वापस लेने का फैसला किया है। साथ ही उम्मीद जताई कि तय समय सीमा के भीतर सभी वादों को पूरा किया जाएगा।











































