चंडीगढ़ः हरियाणा सरकार ने अपने पुलिस महकमे में एक बार फिर बड़ा फेरबदल किया है। राज्य सरकार ने तीन आइपीएस अधिकारियों को दो दिन के अंतराल में ही फिर से ट्रांसफर कर दिया है। पलवल की पुलिस अधीक्षक (एसपी) बनाईं गईं मेघा भूषण अब पानीपत और पानीपत की एसपी बनाईं गई दिप्ति गर्ग को अब पलवल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस संबंध में गृह विभाग ने आदेश जारी कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार पलवल की पुलिस अधीक्षक (एसपी) बनाईं गईं मेघा भूषण अब पानीपत जिला संभालेंगी। वहीं पानीपत की एसपी बनाईं गई दिप्ति गर्ग को अब पलवल की नई एसपी बनाया गया है। करनाल के एसपी नरेंद्र बिजारणिया को पहले करनाल के एसपी पद से स्थानांतरित कर एसटीएफ मुख्यालय में एसपी लगाया गया था, लेकिन अब उन्हें यहां से हटाकर कमांडेंट प्रथम आइआरबी (भौंडसी) में लगाया गया है। इनके साथ ही नए आदेशों में IPS लोकेंद्र सिंह को क्राइम ब्रांच का एसपी लगाया गया है। वहीं, आईपीएस सुरेंद्र सिंह भोरिया को हरियाणा पुलिस एकेडमी का कमांडेंट बनाया गया है।
रोड़ समाज ने की थी बिजारणिया के ट्रांसफर की मांग
करनाल में बीरू वाल्मीकि मर्डर केस के बाद हुए डबल एनकाउंटर में हर्ष और बीरबल नाम के युवकों को ढेर कर दिया गया था। हर्ष रोड़ समाज का था। रोड़ समाज एनकाउंटर को फेक बताते हुए लगातार एसपी नरेंद्र बिजारणिया के तबादले की मांग कर रहा था। 3 सितंबर को ट्रांसफर पोस्टिंग के आदेश में उन्हें एसटीएफ भेजा गया था। इसके 48 घंटे के बाद ही नए आदेशों के बाद उन्हें अब आईआरबी भेज दिया गया।



























