भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज रविवार 25 अक्टूबर को शहडोल से जिला शहडोल, अनूपपुर, उमरिया, रीवा, सीधी और सतना जिले के तेंदूपत्ता संग्रहण वर्ष 2024 के 9 लाख 77 हजार 696 पात्र तेंदूपत्ता संग्राहकों को 22 करोड़ 89 लाख 9 हजार 461 रुपये बोनस राशि का वितरण करेंगे। कार्यक्रम में 15 हजार से अधिक तेंदूपत्ता संग्राहक शामिल होंगे।
विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन किया जाएगा। इसके साथ ही तेंदूपत्ता संग्राहकों को हितलाभ का वितरण भी किया जाएगा। कार्यक्रम में करीब 20 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हेलिकॉप्टर से जमुआ हेलीपैड पर उतरेंगे। उनके आगमन को देखते हुए हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
1000 जवान तैनात
प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है। मुख्यमंत्री का मुख्य कार्यक्रम शहडोल के बाणगंगा मेला मैदान में आयोजित होगा। 20 हजार लोगों की भीड़ को देखते हुए बैठने, पार्किंग, आवागमन और भीड़ प्रबंधन की विशेष तैयारी की जा रही है। सुरक्षा के लिए जमुआ हेलीपैड से लेकर मेला मैदान तक लगभग 1000 जवान तैनात किए जाएंगे।



























