सागर : सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में कुएं के अंदर निर्वस्त्र मिली युवती की लाश के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आरोपी ने पहले युवती के साथ गंदा काम किया और फिर शादी की बात सामने आने के डर से उसे कुएं में धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद आरोपी अपने कंस्ट्रक्शन साइड के कैंप में जाकर सो गया और कुछ समय बाद अपने गृह जिले सीधी चला गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, 30 सितंबर को युवती के पिता ने उसके लापता होने की शिकायत मोतीनगर थाने में दर्ज कराई थी। परिजनों ने अपने स्तर पर भी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद 10 अक्टूबर को घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित कुएं में युवती का निर्वस्त्र शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने हाईवे निर्माण कार्य में लगे लोगों से पूछताछ की। इसी बीच एक युवक के घटना वाले दिन से ही छुट्टी पर चले जाने की जानकारी सामने आई।
CSP ललित कश्यप के मुताबिक पुलिस ने सीधी जिले के ग्राम ढमक निवासी 19 वर्षीय अजय कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जहां से वारदात की कड़ियां जुड़ती चली गईं। पुलिस के मुताबिक आरोपी और युवती की पहचान करीब 15 से 20 दिन पहले हुई थी। आरोपी ने युवती से अपनी शादी की बात छिपाई थी। घटना की रात आरोपी ने युवती को घर के बाहर बुलाया और उसके साथ दुराचार किया। इसी दौरान युवती ने शादी करने और आरोपी के विवाहित होने की जानकारी दोनों परिवारों को देने की बात कही। इसी बात से घबराकर आरोपी ने युवती को जान से मारने की नीयत से कुएं में धक्का दे दिया और उसके कपड़े भी कुएं में फेंक दिए।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि युवती से उसकी करीब 15 दिन पहले कंस्ट्रक्शन साइड के समीप मुलाकात हुई थी और युवती ने उसे अपना मोबाइल नंबर दिया था। इसी बीच दोनों की फोन पर बात होने लगी और युवती उससे शादी करने का दबाव बनाने लगी, चूंकि वह पहले से शादीशुदा था और यह बात युवती को पता चल चुकी थी। इसी डर से उसने घटना की रात युवती को घर के बाहर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर कुएं में धक्का दे दिया। बहरहाल, इस अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। साथ ही आरोपी को भी न्यायालय में पेश किया गया है, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।



























