शिवपुरी : प्रदेश के भाजपा नेताओं और विधायकों के बयान इन दिनों बेहद सुर्खियों में है। हाल ही में भाजपा के वरिष्ठ विधायक पन्नालाल शाक्य का एक बयान सियासी गलियारे में जमकर सुर्खियां बटोर रहा था। पन्नलाल शाक्य का मामला शांत हुआ नहीं था कि पिछोर विधायक प्रीतम लोधी ने ऐसी बात कह दी है कि फिर से हड़कंप मच गया है। विधायक प्रीतम लोधी का ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रीतम लोधी ने महिलाओं को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।
विधायक प्रीतम लोधी का बयान वायरल
दरअसल जिले के खनियांधाना में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने के विरोध में 20 अगस्त को खनियांधाना में सभा का आयोजन किया गया था। इस दौरान प्रीतम लोधी ने महिलाओं को लेकर ऐसा बयान दे दिया है कि हड़कंप मच गया है। विधायक ने कहा कि कुछ लोगों द्वारा महिलाओं को उनके आसपास भेजकर उन्हें फंसाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि कई लोग मोबाइल लेकर खड़े रहते हैं और उनके कुछ बोलने का इंतजार करते हैं, ताकि बाद में उन्हें फंसाया जा सके।
महिलाओं को भेजते हैं मेरे पास
सभा के दौरान विधायक ने यह भी दावा किया कि एक महिला ने उन्हें बताया कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है और उनके आसपास महिलाओं को पहुंचाया जाता है। उनके अनुसार, कुछ महिलाओं को यह कहकर भेजा जाता है कि जाकर विधायक से बातचीत करें या उन्हें पटाने की कोशिश करें। प्रीतम लोधी ने कथित तौर पर कहा कि ऐसी महिलाओं के बारे में उन्हें पहले से जानकारी हो जाती है और उन्हें लगता है कि यह महिलाएं “शातिर दिमाग” की हैं। विधायक के इस कथित बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
पन्नालाल शाक्य का बयान भी हुआ था वायरल
बता दें कि विधायक पन्ना लाल शाक्य ने गुना की नानाखेड़ी कृषि उपज मंडी में आयोजित जिला स्तरीय ‘बलराम महोत्सव’ के दौरान सार्वजनिक मंच से सम्बोधित करते हुए सीता माता को लेकर विवादित बयान दिया था। विधायक शाक्य ने महाकाव्य रामायण का उदाहरण देते हुए माता सीता के संदर्भ में आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। पन्नालाल शाक्य ने माता सीता को ‘मौत का सामान’ कह डाला, जिसके बाद न केवल कार्यक्रम में मौजूद लोग हैरान रह गए, बल्कि मंच पर ही मौजूद भाजपा की महिला विधायक प्रियंका पेंची (चांचौड़ा विधायक) ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए उन्हें बीच में ही टोक दिया था।



























