नई दिल्ली : सोशल मीडिया पर दोस्त बने व्यक्ति ने दिल्ली में 22 वर्षीय एक मेकअप आर्टिस्ट के साथ दो बार दुष्कर्म किया। युवती का आरोप है कि आरोपी ने नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, युवती ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने विरोध किया, तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। युवती की शिकायत के अनुसार, वह पिछले साल सोशल मीडिया के जरिए आरोपी से मिली थी। एक सूत्र ने बताया कि सोशल मीडिया पर दोस्त बने व्यक्ति ने खुद को मेकअप आर्टिस्ट बताया था और काम के सिलसिले में कुछ लोगों से मिलवाने की आड़ में जुलाई में उसे उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के एक होटल में बुलाया।
पीड़िता ने लगाए ये गंभीर आरोप
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने पीड़िता को नशीली दवा मिली कोल्ड ड्रिंक पिलाई और बेहोश होने पर उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाद में आरोपी ने उससे शादी करने का वादा किया और उसे पुलिस के पास न जाने के लिए मना लिया। शिकायत में कहा गया है कि आठ अगस्त को आरोपी उसे जीटीबी नगर के एक होटल में ले गया और फिर से दुष्कर्म किया। जब युवती ने विरोध करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। सूत्र ने बताया कि हालत बिगड़ने पर उसे राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। सूत्र ने बताया कि होटल का सीसीटीवी फुटेज और ‘एंट्री रजिस्टर’ जब्त कर लिया गया है।











































