अंबिकापुर/सूरजपुर : सूरजपुर जिले के प्रतापपुर विकासखंड में एक युवक का दिनदहाड़े अपहरण कर बेरहमी से मारपीट किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे जमीन विवाद को वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
दोस्तों के साथ पार्टी के दौरान किया अपहरण
जानकारी के अनुसार, प्रतापपुर विकासखंड के ग्राम गोंदा निवासी हरिनंदन राजवाड़े (36) गुरुवार दोपहर अंबिकापुर से आए अपने दो दोस्तों तुषार और राहुल के साथ गांव के ही राजेंद्र प्रसाद के घर गए थे। वहां चारों शराब पार्टी कर रहे थे।इसी दौरान गांव के ललित को इसकी जानकारी मिली। आरोप है कि वह अपने 10 से 15 साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए हरिनंदन को जबरन खींचकर एक चारपहिया वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गया।
सड़क किनारे लहूलुहान हालत में मिला
घटना की जानकारी मिलने पर हरिनंदन के बड़े भाई बमभोला राजवाड़े परिजनों और ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश में निकले। काफी खोजबीन के बाद हरिनंदन भैंसामुंडा से लगे ग्राम केवरा चौक के पास सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिला। उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे और खून बह रहा था। आशंका है कि अपहरण के बाद आरोपियों ने डंडों और अन्य हथियारों से उसकी बेरहमी से पिटाई की और मरणासन्न हालत में सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।
इलाज के दौरान मौत
परिजन और दोस्तों ने गंभीर हालत में हरिनंदन को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अंबिकापुर में भर्ती कराया, लेकिन देर रात करीब 2 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर परिजनों के बयान दर्ज किए और शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच संबंधित थाना पुलिस को सौंप दी गई है।
जमीन विवाद को माना जा रहा वजह
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतक हरिनंदन और आरोपी ललित के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि करीब 15 दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ था।पुलिस अब हत्या, अपहरण और मारपीट के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।










































