लखनऊ : माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद की 6 अगस्त को सड़क हादसे में मौत हो गई थी। वहीं अब अबान अहमद की कार के एक्सीडेंट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे आबान की कार डिवाइडर से टकराई। यह वीडियो आबान की कार के पीछे चल रही गाड़ी के डैश कैम में रिकॉर्ड हुआ था।
6 अगस्त को हुआ था सड़क हादसा
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि, 6 अगस्त को झांसी जेल में भाई अली से मिलने के लिए जाते वक्त अबान सहित 2 लोगों की मौत हुई थी। सफेद रंग की क्रेटा कार से आबान और उसके दोस्त साथ जा रहे थे। बता दें अब तक अबान के साथ हुए हादसे को लेकर कयास लगाए जा रहे थे कि जानवर बचाने के चलते यह हुआ। हालांकि अब वीडियो सामने आने के बाद तमाम अटकलों पर विराम लग गया है। प्रयागराज से झांसी जा रहे आबान की गाड़ी जैसे ही पूंछ थाना क्षेत्र के पास चिल्ली गांव के पास पहुंचती है, वहां एक पिकअप को टेकओवर करने के बाद सामने डिवाइडर आया और कार उससे टकरा गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या आया था सामने?
इससे पहले झांसी में सड़क हादसे में मारे गए माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद की मौत को लेकर पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर का बड़ा बयान सामने आया था। पोस्टमार्टम करने वाले डॉ. रजनीश यादव ने स्पष्ट किया कि अबान की मौत पूरी तरह सड़क हादसे में आई गंभीर चोटों की वजह से हुई थी। हादसे के दौरान अबान के ब्रेन में गंभीर हेमरेज हुआ था। इसके अलावा दिल और आंतों को भी गंभीर क्षति पहुंची थी। आतें और दिल बुरी तरह से फट गए थे, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। अबान की कार का एक्सीडेंट 6 अगस्त को हुआ था। इस दौरान उसके दोस्त भी साथ थे। घायल हुए दोस्तों में दो का इलाज अस्पताल में चल रहा है।











































