Surajpur

CG Road Accident : खड़ी ट्रक से टकराई बाइक, तीन युवकों की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक में लगा दी आग

सूरजपुर : जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने दुर्घटना में शामिल ट्रक में आग लगा दी, जिससे वाहन लगभग पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

खड़ी ट्रक से टकराई बाइक

जानकारी के अनुसार, प्रतापपुर थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव के पास एक बाइक पर चार युवक सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि चौथा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

पहले कार को टक्कर मारकर भागा था ट्रक चालक

स्थानीय लोगों के मुताबिक, ट्रक चालक ने इससे पहले एक कार को टक्कर मार दी थी। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक को सड़क पर खड़ा छोड़कर मौके से फरार हो गया था। बताया जा रहा है कि सड़क पर खड़े इसी ट्रक से बाइक की भिड़ंत हुई, जिसके कारण इतना बड़ा हादसा हुआ।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हादसे में तीन युवकों की मौत से आक्रोशित लोगों ने खड़ी ट्रक में आग लगा दी। देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जलने लगा और लगभग पूरी तरह नष्ट हो गया।घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलने पर प्रतापपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा घायल युवक के उपचार की व्यवस्था कराई गई है।फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

What's your reaction?

Related Posts

CG News : शादी का झांसा देकर कारोबारी ने किया शोषण, युवती ने तालाब में लगायी छलांग, कई बार संबंध बनाकर शादी से मुकरा

सूरजपुर : विश्रामपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्रेम…

1 of 12