कोरबा : कोरबा शहर में रविवार देर शाम हुई युवक की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मास्टरमाइंड समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुरानी रंजिश और सोशल मीडिया पर हुए विवाद के चलते हुई इस वारदात ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया था। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी, जिसके मद्देनजर पुलिस बल भी तैनात किया गया था।
जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के रामसागर पारा का है। मृतक रवि यादव पेशे से डीजे ऑपरेटर था। बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले मोहल्ले में रहने वाले महेंद्र गंगवानी और रवि यादव के बीच इंस्टाग्राम स्टोरी को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की नौबत आ गई और मामले की शिकायत थाने तक पहुंची थी। परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया।
कुछ दिनों तक मामला शांत रहा, लेकिन अंदर ही अंदर दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। बताया जा रहा है कि रविवार देर शाम रवि यादव किसी कार्यक्रम से लौट रहा था। इसी दौरान रामसागर पारा इलाके में उसकी महेंद्र गंगवानी से फिर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि महेंद्र गंगवानी ने अपने नाबालिग बेटे और अन्य साथियों के साथ मिलकर रवि यादव और उसके दोस्त पर हमला कर दिया। हमलावरों ने दोनों युवकों की बेरहमी से पिटाई की।
इस हमले में रवि यादव गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। नाराज लोगों ने आरोपियों के घर पहुंचकर जमकर तोड़फोड़ की। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा। हत्याकांड के बाद हरकत में आई कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने घटना में शामिल 2 मुख्य आरोपियों समेत कुल 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं इस घटना के बाद शहर में कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी कई सवाल उठने लगे हैं।























