पेंड्रा : छत्तीसगढ़ के पेंड्रा स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के संविदा शिक्षक अमित शर्मा को नाबालिग छात्रा से कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले शिक्षा विभाग आरोपी शिक्षक को सेवा से बर्खास्त कर चुका है। अब छात्रा के बयान और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराएं जोड़ते हुए आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, मामले की शुरुआत छात्रा को कथित रूप से बहला-फुसलाकर अपने घर ले जाकर कई घंटे तक रोककर रखने के आरोप से हुई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर बंधक बनाने का मामला दर्ज किया था। हालांकि, जांच के दौरान पीड़िता के बयान में कथित दुष्कर्म के आरोप सामने आने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया। पुलिस के मुताबिक, सतना निवासी अमित शर्मा स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में संस्कृत विषय के संविदा शिक्षक के पद पर कार्यरत था। आरोप है कि उसने अपनी ही नाबालिग छात्रा को बहाने से घर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2), 65(1) के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 भी जोड़ दी हैं। इसके बाद पेंड्रा पुलिस ने आरोपी को उसके निवास से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। इससे पहले जिला शिक्षा अधिकारी ने कलेक्टर की स्वीकृति के बाद आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया था। विभाग ने अपने आदेश में कहा था कि आरोपी का आचरण शिक्षकीय गरिमा और छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के विपरीत है, इसलिए उसे सेवा में बनाए रखना उचित नहीं है।



























