जांजगीर-चांपा : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में सोशल मीडिया के दुरुपयोग का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम के जरिए एक युवती को ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठने की साजिश रची जा रही थी। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने पहले युवती से इंस्टाग्राम के माध्यम से संपर्क किया और उसे प्रेमजाल में फंसा लिया।
धीरे-धीरे उन्होंने युवती का विश्वास जीतते हुए उससे आपत्तिजनक फोटो और वीडियो हासिल कर लिए। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग फर्जी आईडी बनाकर उन फोटो-वीडियो को युवती के परिजनों को भेजना शुरू कर दिया। आरोपी यहीं नहीं रुके, उन्होंने युवती और उसके परिवार को धमकी दी कि यदि 70 हजार रुपये नहीं दिए गए, तो वे सभी आपत्तिजनक सामग्री सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे। इस धमकी से घबराकर पीड़िता के परिजनों ने तत्काल पुलिस से संपर्क किया और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही जांजगीर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और उन्हें पाली-नैला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनमें आपत्तिजनक सामग्री और ब्लैकमेलिंग से जुड़े महत्वपूर्ण सबूत मिले हैं। पुलिस अब इन उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कर रही है, ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा हो सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं आरोपियों ने इसी तरह अन्य लोगों को भी निशाना तो नहीं बनाया है। इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करने से बचें और किसी भी प्रकार की निजी या संवेदनशील जानकारी साझा न करें।





















