Janjgir - Champa

CG News : दो माह बाद भी अनसुलझा कोसा हत्याकांड, अब गांव में डेरा डालेगी पुलिस ASP के नेतृत्व में SIT गठित

जांजगीर-चांपा : मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम कोसा में करीब दो माह पहले हुए अमित कुमार भंडारी हत्याकांड का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। लगातार जांच के बावजूद आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने जांच की दिशा में बड़ा बदलाव किया है। अब ASP के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई है, जो गांव में रहकर ही मामले की जांच करेगी। इसके साथ ही कोसा में पुलिस आउटपोस्ट खोलने के निर्देश भी दिए गए हैं।

27 जून को घर से निकला था अमित, दो दिन बाद मिला शव

पुलिस के अनुसार ग्राम कोसा निवासी अमित कुमार भंडारी 27 जून को घर से बिना बताए कहीं चला गया था। परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच 29 जून को अमित का शव गांव के एक तालाब के किनारे मिला। सूचना मिलते ही मुलमुला पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा सहित मर्ग कार्रवाई शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। करीब दो महीने से पुलिस मामले की पतासाजी में जुटी है, लेकिन अभी तक हत्या के आरोपी तक पहुंचने में सफलता नहीं मिली है।

एसपी ने खुद घटनास्थल का किया निरीक्षण

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने 3 सितंबर को घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके की स्थिति का जायजा लेने के साथ ही अब तक हुई जांच की जानकारी ली। इसके बाद मामले को नए सिरे से खंगालने के लिए विशेष जांच टीम गठित करने के निर्देश दिए।

ASP डॉ. यूलैण्डन यार्क करेंगे SIT का नेतृत्व

हत्याकांड की जांच के लिए गठित SIT का नेतृत्व ASP डॉ. यूलैण्डन यार्क करेंगे। टीम में SDOP अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी मुलमुला टीआई शिवानंद सिंह, साइबर थाना प्रभारी भास्कर शर्मा, प्र.आर. रूद्रनारायण कश्यप, राजकुमार चन्द्रा तथा आरक्षक प्रदीप दुबे, शहबाई अहमद, रामगोपाल भारती और ओमप्रकाश डहरिया को शामिल किया गया है।

गांव में रहकर जांच करेगी SIT

पुलिस ने अब हत्याकांड की जांच को गांव के स्तर पर ले जाने की रणनीति बनाई है। इसके तहत कोसा में पुलिस आउटपोस्ट खोलने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिसकर्मी गांव में रहकर स्थानीय लोगों से संपर्क करेंगे और घटना से जुड़े पुराने एवं नए सुरागों को खंगालेंगे। SIT संदिग्धों से दोबारा पूछताछ करेगी। साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की नए सिरे से समीक्षा की जाएगी। जरूरत पड़ने पर घटनाक्रम का री-क्रिएशन भी कराया जा सकता है।

वेश बदलकर भी जुटाई जाएगी जानकारी

जांच टीम गांव में संदिग्ध गतिविधियों और घटना से जुड़ी जानकारी जुटाने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाएगी। पुलिसकर्मी वेश बदलकर भी स्थानीय स्तर पर पूछताछ कर सकते हैं, ताकि लोगों से बिना किसी दबाव के जानकारी हासिल की जा सके। पुलिस का फोकस पुराने सुरागों के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों पर भी रहेगा।

युवती के घर के बाहर बैठा था पुलिस डॉग, इस एंगल की भी होगी जांच

मामले में पुलिस डॉग की मदद से मिले सुराग को भी दोबारा जांच के दायरे में लिया जाएगा। घटना के समय डॉग हैंडलर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था। इस दौरान पुलिस डॉग एक युवती के घर के बाहर जाकर बैठ गया था। अब SIT इस पहलू को भी नए सिरे से खंगालेगी। इसके अलावा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल, संदिग्धों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों को आपस में जोड़कर हत्या की कड़ियों को तलाशने का प्रयास किया जाएगा।

क्या कहा एसपी ने?

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि करीब दो माह पहले एक युवक का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब ASP के नेतृत्व में SIT गठित की गई है। उन्होंने बताया कि कोसा में पुलिस आउटपोस्ट भी खोला जाएगा, जहां पुलिसकर्मी रहकर मामले की जांच करेंगे। अब SIT के गांव में रहकर जांच करने और पुलिस आउटपोस्ट शुरू होने के बाद उम्मीद है कि लंबे समय से अनसुलझे कोसा हत्याकांड में नए सुराग सामने आ सकते हैं। पुलिस का लक्ष्य अमित कुमार भंडारी की हत्या की वजह और इसमें शामिल आरोपियों तक पहुंचना है।

What's your reaction?

Related Posts

CG Crime : दुर्गा उत्सव मेले में चाकूबाजी से मचा हड़कंप, दो युवक घायल, एक के सिर पर गंभीर चोट, चार संदिग्ध हिरासत में

जांजगीर-चांपा : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के धार्मिक नगरी शिवरीनारायण में…

CG Breaking : तालाब में नर कंकाल मिलने से क्षेत्र में फैली सनसनी, एक साल से लापता युवक के रूप में हुई पहचान

जांजगीर-चांपा : जिले के राहौद नगर पंचायत में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तालाब…

CG News : गैंगरेप-हत्या मामले में बड़ा फैसला, दो दोषियों को 4-4 बार उम्रकैद, कोर्ट ने सुनाई कड़ी सजा

जांजगीर-चांपा : जांजगीर-चांपा में गैंगरेप, हत्या और लूट के एक सनसनीखेज मामले में…

1 of 17