गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में चंपा देवी पार्क में चल रही रामकथा के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब मशहूर कथावाचक राजन जी महाराज ने सार्वजनिक मंच से दबंगई करने वालों को खुली ललकार दे दी। मंच से दिए गए उनके तीखे बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
16 साल की कथा यात्रा में पहली बार
दरअसल, सोमवार को रामकथा के दौरान कुछ लोग बार-बार मंच पर चढ़ने की कोशिश कर रहे थे। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजन जी महाराज की टीम ने उन्हें मंच पर आने से रोका। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोप है कि इसी दौरान महाराज की टीम के एक सदस्य को गोली मारने की धमकी दी गई। धमकी की जानकारी मिलते ही राजन जी महाराज आवेश में आ गए और व्यास पीठ से ही विरोध करने वालों को ललकारते हुए कहा कि किसने मां का दूध पिया है, गोली मारकर दिखाओ। राजन जी महाराज ने मंच से बताया कि 16 साल की कथा यात्रा में उनके साथ पहली बार ऐसी घटना घटी है। उन्होंने कहा कि पहले तो मंच पर चढ़ने को लेकर अफरा-तफरी मची और जब टीम ने व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश की, तो उन्हें और उनके सहयोगियों को गोली मारने की धमकी दी गई।
रामकथा के मंच से खुली ललकार!
महाराज ने भावुक होते हुए कहा कि हम प्रेम से कथा कहने आए हैं और आप प्रेम से सुनने। हमारे घर और बच्चों को गोली मारने की बात कही जा रही है, यह बेहद दुखद है। ऐसी घटनाएं कभी नहीं होनी चाहिए। धमकी से आहत होकर राजन जी महाराज ने कुछ समय के लिए कथा करने से इनकार भी कर दिया था। हालांकि आयोजकों और स्थानीय लोगों के समझाने-बुझाने के बाद वे पुनः कथा करने के लिए तैयार हुए। मंच पर लौटते ही उन्होंने पूरी घटना श्रोताओं के सामने रखी। इस घटना के बाद रामकथा स्थल पर मौजूद हजारों श्रद्धालु स्तब्ध रह गए। वहीं, मंच से दिए गए राजन जी महाराज के बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिस पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।






















