इंदौर : इंदौर कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान उस वक्त हंगामे की स्थिति बन गई जब एक व्यक्ति अपनी मां के साथ SIR सूची से नाम कटने की शिकायत लेकर पहुंचा। बताया जा रहा है कि वह व्यक्ति किसी कारणवश कलेक्टर से मुलाकात नहीं कर सका। कुछ लोगों का कहना है कि उसने मिलने की पर्ची नहीं बनवाई थी इसी बात को लेकर वह नाराज हो गया।
SIR से नाम कटने का आरोप
गुस्से में व्यक्ति जनसुनवाई परिसर में चिल्लाने लगा और अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि हमारा नाम SIR से काट दिया गया है। BLO सुन नहीं रहे हैं। पिता की मौत हो चुकी है मां की आंखों से दिखता नहीं है और मैं मजदूरी करता हूं। रोज-रोज यहां नहीं आ सकता। सारे कागज़ लेकर आया हूं लेकिन कलेक्टर साहब सुनने को तैयार नहीं हैं। सुनना चाहिए ना? हंगामा होते ही वहां मौजूद लोग वीडियो बनाने लगे।
इंदौर जनसुनवाई में हंगामा
स्थिति को संभालने के लिए अधिकारियों ने तत्काल मोर्चा संभाला लेकिन तब तक मीडिया के कुछ प्रतिनिधि उस व्यक्ति की बाइट रिकॉर्ड कर चुके थे। अब इस पूरे हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद अब संबंधित व्यक्ति को ट्रेस करने की कोशिशें की जा रही हैं। फिलहाल इस पूरे मामले पर जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।





















