कोरबा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सेवा के 25 वर्ष एवं जन्म दिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग, परियोजना हरदीबाजार के सेक्टर तिवरता अंतर्गत ग्राम पंचायत रैनपुर खुर्द के आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सभापति, स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग, जिला पंचायत कोरबा माया रूपेश कंवर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माया रूपेश कंवर ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय विष्णु देव साय जी के सुशासन में आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा और पोषण का केंद्र नहीं, बल्कि माताओं एवं परिवारों को स्वास्थ्य, पोषण और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि सशक्त महिला और स्वस्थ बच्चा ही मजबूत परिवार एवं विकसित समाज की नींव है। गर्भवती महिलाओं, शिशुओं और बालिकाओं के पोषण एवं स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने महिलाओं से अपने स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूक रहने तथा बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र भेजने का आग्रह किया। साथ ही बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए परिवार एवं समाज को मिलकर प्रयास करने की बात कही।

कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि ग्राम पंचायत रैनपुर खुर्द की सरपंच ईश्वरी कंवर रहीं। इस अवसर पर पंच अगहन बाई एवं विजय सिंह, सेक्टर सुपरवाइजर सविता बांधे, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुषमावती कंवर, शैलजा मरकाम, रेनू सिदार एवं लक्ष्मी मरकाम सहित आंगनबाड़ी केंद्र की शिशु बालिकाएं, गर्भवती महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

आंगन मिलन समारोह के माध्यम से महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं, पोषण, मातृ-शिशु, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना मुख्यमंत्री महतारी वंदन योजना के बारे तथा स्वास्थ्य एवं बालिकाओं के समग्र विकास के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं एवं ग्रामीणों ने विभागीय गतिविधियों में सहभागिता करते हुए स्वस्थ एवं सुपोषित समाज के निर्माण का संकल्प लिया।












































