सिंगरौली : मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से एक अत्यंत हृदय विदारक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। चितरंगी थाना क्षेत्र के ग्राम कर्थुआ बहेरा में एक युवती ने शादी के ठीक एक दिन पहले फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घर में जहाँ शहनाइयां बजने वाली थीं, वहां अब केवल चीख-पुकार और मातम पसरा हुआ है। मृतका की पहचान भाजपा प्रजापति पिता मेवालाल प्रजापति के रूप में हुई है।
19 जून को होने वाली थी मृतका की शादी
परिजनों के से मिली जानकारी के अनुसार, युवती का विवाह 19 जून, 2026 को सरई थाना क्षेत्र के एक युवक के साथ तय हुआ था। विवाह की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, मेहमानों का आना-जाना लगा था और परिवार में उत्सव का माहौल था। लेकिन, शादी से महज कुछ घंटे पहले युवती द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम ने न केवल परिवार के सपनों को चकनाचूर कर दिया, बल्कि पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। इस घटना के बाद से सोशल मीडिया पर युवती का नाम भाजपा प्रजापति चर्चा का विषय बना हुआ है।
वायरल हो रहा शादी का कार्ड
घटना के तुरंत बाद युवती का शादी का कार्ड इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। कार्ड पर अंकित विवाह की तारीख और अब सामने आई मौत की खबर ने लोगों को अंदर तक हिला दिया है। लोग इस घटना को लेकर हैरान हैं कि, आखिरी वक्त पर ऐसा क्या हुआ कि युवती ने मौत को गले लगा लिया। घटना की सूचना मिलते ही चितरंगी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की गहन तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। पुलिस हर संभावित कोण से मामले की जांच कर रही है।




























