रायपुर : राजधानी रायपुर के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में हुए सनसनीखेज किशोर पैकरा हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी वकील अंकित उपाध्याय और उनकी पत्नी शिवानी शर्मा को दिल्ली से गिरफ्तार कर रायपुर लाया है। रायपुर क्राइम ब्रांच की तीन सदस्यीय टीम ने दोनों को विस्तारा फ्लाइट से मंगलवार शाम स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर उतारा, जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें हिरासत में लिया गया। इस बीच, एक नया सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जो इस हत्याकांड की पूर्व नियोजित साजिश को और पुख्ता करता है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, किशोर पैकरा 40 वर्ष, जो शारीरिक रूप से अक्षम था और व्हीलचेयर पर चलता था, की हत्या जमीन सौदे में 10 लाख रुपये के लेनदेन विवाद के चलते की गई। मोहदी गांव में किशोर की जमीन का सौदा अंकित उपाध्याय ने 50 लाख रुपये में कराया था, लेकिन किशोर को केवल 30 लाख रुपये दिए गए। शेष 20 लाख में से 10 लाख की मांग करने पर अंकित और शिवानी ने उसकी हत्या की साजिश रची। किशोर की गला रेतकर हत्या की गई, और शव को लाल सूटकेस में सीमेंट भरकर स्टील ट्रंक में छिपाया गया, जिसे इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के सुनसान इलाके में फेंक दिया गया।
सीसीटीवी फुटेज बना अहम सबूत-
जांच के दौरान पुलिस को एक महत्वपूर्ण सीसीटीवी फुटेज मिला, जिसमें अंकित उपाध्याय और एक अन्य व्यक्ति इंद्रप्रस्थ कॉलोनी की एक बिल्डिंग की लिफ्ट से स्टील ट्रंक को नीचे ले जाते दिखाई दे रहे हैं। यह वही ट्रंक था, जिसमें किशोर का शव छिपाया गया था। यह फुटेज हत्या की सोची-समझी साजिश और शव को ठिकाने लगाने की योजना को स्पष्ट करता है। इसके अलावा, ट्रंक पर ‘हब्बू भाई’ की मार्किंग और गोलबाजार पेटीलाइन के सीसीटीवी फुटेज ने पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में मदद की।
मृतक का वकील ही निकला कातिल
जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी अंकित उपाध्याय खुद मृतक किशोर पैकरा का वकील था।
- 6 साल पहले मृतक की मां की जमीन 71 लाख रुपए में बेची गई थी, लेकिन सिर्फ 50 लाख का भुगतान ही हुआ था।
- बची हुई राशि को लेकर नामांतरण नहीं हो पाया था और यही आर्थिक विवाद बाद में खून-खराबे में तब्दील हो गया।
हत्या से पहले किराए पर लिया मकान
- 19 जून को आरोपी अंकित ने इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में एक मकान किराए पर लिया था, जहां हत्या की गई।
- मृतक किशोर पैकरा हांडीपारा इलाके में रहता था और वहीं से आरोपी उसे अपने साथ ले गया था।
पत्रकारिता की छात्रा है आरोपी की पत्नी
हत्या में शामिल अंकित की पत्नी भी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं निकली।
- वह 2020 बैच की पत्रकारिता की छात्रा है।
- महिला और दो अन्य सहयोगियों की भूमिका भी इस हत्या में सामने आई है।
- हत्या के बाद चारों आरोपी फ्लाइट से दिल्ली भाग निकले थे, लेकिन पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस और सीसीटीवी के आधार पर इन्हें ट्रैक कर लिया।
फ्लाइट से रायपुर पहुंचे आरोपी
पुलिस दिल्ली से सभी आरोपियों को फ्लाइट के ज़रिए रायपुर लाई है।
- रायपुर एयरपोर्ट पर भारी पुलिस सुरक्षा के बीच आरोपियों को लाया गया।
- आरोपी महिला ने मीडिया कैमरों से बचने के लिए चेहरा ढंक लिया था।
“भरोसे का क़त्ल: वकील और दोस्ती के रिश्ते के पीछे छिपा खूनी प्लान”
इस केस ने एक बार फिर यह दिखा दिया कि भरोसे और पेशेवर रिश्तों का हनन, किस हद तक खतरनाक अंजाम ले सकता है। जिस वकील पर मृतक ने अपना मामला सौंपा था, वही उसका जानलेवा दुश्मन बन बैठा।






















