रायपुरः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोम दौरे के दौरान इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को मेलोडी चॉकलेट गिफ्ट की। जिसके बाद मेलोडी की खूब चर्चा हो रही है। इसके साथ ही भारत में इसे लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने इस मेलोडी मामले को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा है वे इटली की प्रधानमंत्री के साथ ऐसे फोटो सेशन करवा रहे हो जैसे हनीमून पर गए हो। मानो कोई वेडिंग शूट करवा रहे हैं। पीएम लोगों से बोल रहे हैं कि विदेश यात्रा मत करो। सोना मत खरीदो।
पेट्रोल डीजल की खपत कम करो और खुद विदेश घूम रहे हैं। इटली की प्रधानमंत्री को हंसी मजाक करते हुए मेलोडी चॉकलेट खिला रहे हैं। इससे समझा जा सकता है कि देश की आर्थिक स्थिति को लेकर पीएम कितने गंभीर हैं। पीसीसी चीफ दीपक बैज के बयान को अशोभनीय बताते हुए भाजपा विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि दीपक बैज का बयान अशोभनीय है, मैं इसकी निंदा करता हूं। पूरे देश में कांग्रेस का जनआधार खिसक चुका है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस तो समाप्ति की कगार पर है। दीपक बैज को जन आधार खिसकने का छटपटाहट है। यह छत्तीसगढ़ का संस्कार नहीं है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी एक बार फिर इंटरनेट पर छा गए हैं। इस बार वजह बनी है एक छोटी सी Melody टॉफी। इटली दौरे के दौरान पीएम मोदी ने मेलोनी को भारतीय टॉफी Melody गिफ्ट की, जिसके बाद दोनों नेताओं का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। 6 घंटे के अंदर इस वीडियो को 10 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि पीएम मोदी मेलोनी को Melody टॉफी का पैकेट देते हैं। इसके बाद मेलोनी हंसते हुए उसे वेरी वेरी गुड टॉफी कहती हैं। ये वीडियो पीएम मोदी और मेलोनी दोनों ने ही अपने अपने अकाउंट से कैप्शन के साथ शेयर किया है।
यानी दोनों का इंस्टा कोलैब भी हुआ है। ये भी एक वजह है कि ये वीडियो इतनी तेजी से वायरल हो रहा है। दोनों नेताओं के बीच हल्का-फुल्का और दोस्ताना अंदाज लोगों को काफी पसंद आ रहा है। यही वजह है कि यह वीडियो इंस्टाग्राम, X और YouTube पर तेजी से शेयर किया जाने लगा। असल में Melody और Meloni को जोड़कर सोशल मीडिया पर पहले से ही Melodi नाम काफी वायरल रहा है। 2023 G20 Summit के दौरान भी दोनों नेताओं की सेल्फी और वीडियो इंटरनेट पर खूब वायरल हुए थे।




















