नई दिल्ली : पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के परिणाम सोमवार को सामने आ चुके हैं। जहाँ एक तरफ भाजपा ने पश्चिम बंगाल और असम में प्रचंड बहुमत हासिल कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है, वहीं केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले INC और तमिलनाडु में अभिनेता विजय की पार्टी ‘तमिलगा वेत्री कड़गम’ (TVK) ने शानदार प्रदर्शन किया है। पुडुचेरी में भी NDA की सरकार बनने की राह आसान दिख रही है। इस चुनावी उलटफेर के बीच, राजनीतिक गलियारों में आरोपों-प्रत्यारोपों का दौर शुरू हो गया है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा हार को खारिज कर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाने के बाद, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बड़ा दावा करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल और असम में चुनावी नतीजों को चुराया गया है। उन्होंने इसके लिए संस्थागत मिलीभगत को जिम्मेदार ठहराया है।
“हम ममता जी की बात से सहमत हैं”
West Bengal Election सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक तीखी पोस्ट में राहुल गांधी ने सीधे तौर पर भाजपा और चुनाव आयोग (ECI) को निशाने पर लिया। उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा लगाए गए आरोपों का समर्थन करते हुए कहा, “हम ममता जी के साथ हैं। बंगाल में 100 से अधिक सीटें चुराई गई हैं।”
पहले भी हो चुकी है वोट चोरी
गांधी ने अपनी बात को केवल इन दो राज्यों तक सीमित न रखते हुए दावा किया कि यह कोई अकेली घटना नहीं है। उन्होंने कहा कि यह एक “प्लेबुक” (रणनीति) है जिसे पहले भी मध्यप्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र और 2024 लोकसभा चुनाव में देखा गया है। उन्होंने संस्थाओं पर हमला करते हुए तल्ख लहजे में पूछा, “चुनाव की चोरी, संस्थागत चोरी – अब और क्या बचा है?”
विपक्ष के नेताओं से की चर्चा
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने जानकारी दी कि नतीजों की घोषणा के बाद राहुल गांधी ने प्रमुख राजनीतिक नेताओं से फोन पर बात की है। रमेश ने ‘X’ पर बताया कि राहुल गांधी ने ममता बनर्जी और टीवीके (TVK) प्रमुख विजय से चुनावी परिणामों पर चर्चा की। इसके अलावा, उन्होंने तमिलनाडु में टीवीके के शानदार प्रदर्शन के लिए अभिनेता-राजनेता विजय को बधाई भी दी।





















