राजनांदगाव : छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ ब्लॉक से सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें शासकीय कंपोजिट शराब दुकान, यानी सरकारी शराब दुकान से खरीदी गई देसी शराब की बोतल में कीड़ा तैरते हुए दिखाई दे रहा है। बोतल में कीड़ा देखते ही हड़कंप मच गया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है।
स्थानीय विधायक ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
मिली जानकारी के अनुसार, मामला डोंगरगढ़ ब्लॉक के ग्राम कटली स्थित शासकीय कंपोजिट शराब दुकान का है। यहाँ एक शराब प्रेमी ने देसी शराब की पौवे की बोतल खरीदी। उसने शराब पीने से पहले बोतल को गौर से देखा तो उसमें काले रंग का एक कीड़ा तैरता नजर आया। युवक ने इसका वीडियो तुरंत बना लिया। स्थानीय विधायक ने इस घटना पर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव से पहले भाजपा ने शराबबंदी की बात की थी, लेकिन सरकार बनने के बाद लगातार शराब दुकानों की संख्या बढ़ती जा रही है।
आबकारी उपनिरीक्षक ने झाड़ा पलड़ा
विधायक ने कहा कि अलग-अलग शराब नीति लाई जा रही है, लेकिन शराब की गुणवत्ता पर सरकार कुछ नहीं कर रही है। इसका नतीजा यह है कि कटली स्थित शासकीय कंपोजिट शराब दुकान में शराब की बोतल में कीड़ा तैरता नजर आ रहा है, जो आम नागरिक के लिए खतरा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आम जनता शराब के नशे में डूबी रहे और विकास कार्य धरातल पर नज़र नहीं आए, यह सुशासन है या कुशासन, यह समझ में नहीं आता। वहीं, डोंगरगढ़ आबकारी उपनिरीक्षक अनिल सिंह ने पूरे मामले से पलड़ा झाड़ते हुए कहा कि वीडियो में जो बैकग्राउंड दिखाई दे रहा है, वह हमारे किसी भी शराब दुकान का नहीं है।











































