कोरबा : शादी की तैयारियों के बीच रिश्ता टूटने से एक डॉक्टर की मौत का मामला सामने आया है। कोरबा स्थित ईएसआईसी अस्पताल में पदस्थ 30 वर्षीय डॉक्टर एल्विन का शव उनके स्टाफ क्वार्टर में मिला। डॉक्टर के सुबह ड्यूटी पर नहीं पहुंचने के बाद अस्पताल के कर्मचारियों ने उनके क्वार्टर में जाकर जानकारी ली, जिसके बाद घटना का पता चला।
जानकारी के अनुसार, केरल के पालक्काड निवासी डॉ. एल्विन करीब एक साल पहले कोरबा में पदस्थ हुए थे। उन्होंने कोयंबटूर से MBBS की पढ़ाई पूरी की थी। बताया जा रहा है कि कोयंबटूर निवासी एक युवती के साथ उनका करीब दो साल से संबंध था। दोनों परिवार शादी की तैयारी में जुटे थे और करीब 18 दिन पहले चर्च में विवाह के लिए आवेदन भी दिया गया था। हालांकि, किसी विवाद के बाद प्रेमिका ने रिश्ता तोड़ लिया, दोनों के बीच रिश्ता टूटने के बाद से डॉक्टर तनाव में बताए जा रहे थे। करीब तीन दिन पहले उन्होंने अपने माता-पिता को कोरबा बुलाया था।
माता-पिता के पहुंचने के बाद उन्हें बेटे की मौत की सूचना मिली। सुबह OPD में ड्यूटी के लिए डॉक्टर के नहीं पहुंचने पर अस्पताल के कर्मचारियों ने उनके स्टाफ क्वार्टर का रुख किया। काफी देर तक प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर अंदर जाकर देखा गया, जहां बाथरूम में नायलॉन की रस्सी के फंदे पर डॉ. एल्विन का शव लटका मिला, पुलिस को डॉक्टर के हाथ पर चोट के निशान भी मिले हैं। आशंका है कि उन्होंने पहले सर्जिकल ब्लेड से नस काटने की कोशिश की होगी और इसके बाद फांसी लगा ली। हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही साफ होगी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि डॉ. एल्विन का कोयंबटूर की एक युवती से करीब दो साल से लव अफेयर था। दोनों की मुलाकात कोचिंग के दौरान हुई थी। परिवार भी दोनों की शादी के लिए तैयार थे।बताया जा रहा है कि डॉ. एल्विन 11 अगस्त को कोयंबटूर गए थे। वहां वह दो दिन होटल में रुके और युवती की मां और भाई से मुलाकात की। 12 अगस्त को पालक्काड स्थित चर्च में शादी के लिए आवेदन भी दिया था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया और रिश्ता टूट गया। कोरबा लौटने के बाद से डॉ. एल्विन गुमसुम रहने लगे थे। पुलिस इस लव अफेयर के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।
माता-पिता को फोन कर बुलाया था
घटना से करीब तीन दिन पहले डॉ. एल्विन ने अपने माता-पिता को फोन किया था। उन्होंने तबीयत खराब होने की बात कहकर उन्हें कोरबा बुलाया था। शनिवार को जब माता-पिता कोरबा पहुंचे, तब उन्हें बेटे की मौत की जानकारी मिली।सीएसपी कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और मामले की जांच जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखा गया है।











































