Korba

Korba : दिनदहाड़े ज्वेलर्स दुकान में लूट की कोशिश, युवती के वेश में पहुंचा बदमाश, झूमा झपटी के बाद कट्टा-बाइक छोड़कर फरार

कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दिनदहाड़े ज्वेलर्स दुकान में हथियारबंद लुटेरों ने लूट की कोशिश कर सनसनी फैला दी। कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी बाजार स्थित राज ज्वैलर्स में बुधवार दोपहर तीन नकाबपोश बदमाश ग्राहक बनकर पहुंचे। इनमें से एक आरोपी युवती के वेश में सलवार-सूट पहनकर आया था ताकि उसकी पहचान न हो सके।

बदमाशों ने कट्टे और चाकू की नोक पर वारदात को अंजाम देने की कोशिश की, लेकिन दुकानदार की बहादुरी के चलते वे अपना देसी कट्टा और बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

अंगूठी दिखाने के बहाने दुकान में घुसे

जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 1 बजे तीनों आरोपी ग्राहक बनकर राज ज्वैलर्स पहुंचे। उन्होंने पहले सोने की अंगूठी दिखाने की बात कही। जैसे ही दुकान संचालक राजकुमार अग्रवाल ने जेवर निकालकर दिखाए, एक आरोपी ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया।इसके बाद बदमाशों ने कट्टे और चाकू के दम पर काउंटर में रखे जेवर समेटने शुरू कर दिए। जल्दबाजी में वे नकली आर्टिफिशियल ज्वेलरी को भी असली समझकर अपने साथ ले गए।

दुकानदार ने दिखाई बहादुरी

वारदात के दौरान दुकान में तीन कर्मचारी मौजूद थे। बदमाश जब लूटकर भागने लगे तो दुकानदार राजकुमार अग्रवाल ने उनका पीछा कर पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान एक बदमाश ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे दुकानदार घायल हो गए। वहीं हाथापाई के दौरान एक आरोपी ने उनके हाथ पर दांत से काट लिया। संघर्ष के बीच बदमाश अपना देसी कट्टा और प्लेटिना बाइक मौके पर ही छोड़कर पैदल फरार हो गए।

कुछ असली और कुछ नकली जेवर लेकर भागे

पुलिस के मुताबिक, आरोपी कुछ असली जेवरात के साथ-साथ आर्टिफिशियल ज्वेलरी भी अपने साथ ले गए। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी कट्टा और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली है। मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

पूरे जिले में नाकेबंदी

वारदात के बाद कोरबा जिले समेत आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

What's your reaction?

Related Posts

1 of 29