जशपुर : सुना तो यही था कि शराब में पानी मिलाकर परोसी जाती है, लेकिन जशपुर में बाढ़ ने पूरा हिसाब ही बदल दिया। यहां तो ऐसा नजारा देखने को मिला कि मानो पूरी पानी ही शराब बन गई हो। दरअसल, माजरा कुछ यूं था कि उफनती नदी का पानी सीधे अंग्रेजी शराब दुकान में जा घुसा और देखते ही देखते दुकान में रखा पूरा स्टॉक बाढ़ की भेंट चढ़ गया। सैकड़ों बीयर और शराब की बोतलें टूट गईं, फ्रीजर पलट गए और लाखों रुपये का नुकसान हो गया।
बगीचा नगर में डोड़की नदी के किनारे स्थित अंग्रेजी शराब दुकान सोमवार को बाढ़ के पानी की चपेट में आ गई। नदी का जलस्तर बढ़ते ही पानी दुकान के अंदर घुस गया। कुछ ही देर में दुकान किसी शराब शोरूम से ज्यादा एक छोटे तालाब जैसी नजर आने लगी। आमतौर पर लोग शराब में बर्फ डालकर पीने की बात करते हैं, लेकिन यहां तो बाढ़ ने पूरा मेन्यू ही बदल दिया। रैक में सजी सैकड़ों बीयर और शराब की बोतलें पानी के दबाव और आपाधापी में टूट गईं।
फ्रीजर भी पानी में डूब गए। दुकान के साथ लगे अहाता सेंटर में घुटनों तक कीचड़ भर गया, जिससे पूरा परिसर अस्त-व्यस्त हो गया। अगर कोई पूछे कि दुकान का स्टॉक कैसे खत्म हुआ, तो जवाब होगा—ग्राहकों ने नहीं, बाढ़ ने खरीद लिया। हालांकि यह मजाक अपनी जगह है, लेकिन वास्तविकता यह है कि इस घटना से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही आबकारी विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया।
फिलहाल टूटी हुई बोतलों, खराब हुए सामान और अन्य क्षति का आकलन किया जा रहा है। विभाग नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर रहा है। डोड़की नदी के किनारे स्थित होने के कारण हर साल बारिश के मौसम में इस क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बनती है, लेकिन इस बार बाढ़ का पानी सीधे शराब दुकान तक पहुंच गया। पानी उतरने के बाद दुकान और अहाता सेंटर में घुटनों तक कीचड़ जमा हो गया, जिसे हटाने का काम शुरू कर दिया गया है।

























