सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से वन्यजीव संरक्षण को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के झिंगरामाड़ा जंगल में एक साथ तीन भालुओं के शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। मृत भालुओं में एक मादा, एक नर और एक शावक शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में तीनों की मौत करंट लगने से होने की आशंका जताई जा रही है।
जंगल में मिले तीन भालुओं के शव
जानकारी के अनुसार, झिंगरामाड़ा जंगल में वन विभाग की टीम को एक ही स्थान पर तीन भालुओं के शव पड़े मिले। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
हाई टेंशन तार टूटने से हादसे की आशंका
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि हाल ही में आए आंधी-तूफान के दौरान हाई टेंशन बिजली का तार टूटकर जंगल में गिर गया था। इसी टूटे हुए तार की चपेट में आने से तीनों भालुओं की मौत हुई हो सकती है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी।
डॉक्टरों की टीम ने किया पोस्टमार्टम
घटना की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग के साथ तीन सदस्यीय पशु चिकित्सकों की टीम भी मौके पर पहुंची। सभी आवश्यक औपचारिकताओं के बाद तीनों भालुओं का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद वन विभाग ने नियमानुसार शवों का अंतिम निस्तारण कर दिया।
वन विभाग कर रहा विस्तृत जांच
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। यदि जांच में बिजली विभाग की लापरवाही या अन्य कोई कारण सामने आता है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर जंगलों से गुजरने वाली हाई टेंशन बिजली लाइनों की सुरक्षा और वन्यजीवों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।























