अम्बिकापुर : सूरजपुर जिले के भटगांव थाना क्षेत्र में नाबालिग आदिवासी किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। किशोरी का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला था। घटना के बाद परिजनों ने मौत की परिस्थितियों पर गंभीर सवाल उठाते हुए अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। जानकारी के मुताबिक किशोरी घर में रहकर घरेलू काम करती थी।
परिजनों का आरोप है कि उसे पढ़ाई कराने के नाम पर चांदो क्षेत्र से लाया गया था। किशोरी की मौत के बाद परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। मामले में परिजन शव लेकर अंबिकापुर स्थित आईजी कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई। परिजनों ने श्रवण जायसवाल नाम के व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार की ओर से किशोरी के साथ दुष्कर्म की आशंका भी जताई गई है। साथ ही 20 हजार रुपये दिए जाने को लेकर भी परिजनों ने सवाल उठाए हैं।
परिजनों ने मौत को लेकर संदेह जताते हुए मामले की गहन जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के बाद सरगुजा रेंज के आईजी दीपक झा ने परिजनों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है। फिलहाल किशोरी का शव अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज की मर्चुरी में रखा गया है। पुलिस जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही किशोरी की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले में लगाए गए आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है।



























