जांजगीर-चांपा : हसदेव नदी में हुए हादसे के बाद लापता चल रहे दो और युवकों के शव रविवार सुबह बरामद कर लिए गए। SDRF और NDRF की टीमों ने लगातार सर्च ऑपरेशन चलाकर दोनों शवों को नदी से बाहर निकाला। हादसे में शनिवार को एक अन्य युवक पवनपाल का शव भी बरामद किया गया था। रविवार सुबह करीब 6:15 बजे सचिन सिंह (23) और 7 बजे मुरारी साहू (22) का शव मिला।
दोनों शव घटनास्थल के पास नदी के नीचे पत्थरों के खोहर में फंसे हुए थे। सर्चिंग टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला। बताया गया कि देवरी-चिचोली क्षेत्र में पिकनिक मनाने पहुंचे चौकसे कॉलेज के आठ छात्रों के साथ यह हादसा हुआ था। नदी में नहाने के दौरान कुछ छात्र डूब गए थे, जिसके बाद SDRF और NDRF की टीमों ने मौके पर पहुंचकर लगातार तलाश अभियान चलाया।
शनिवार को पवनपाल का शव मिलने के बाद रविवार को सचिन सिंह और मुरारी साहू के शव भी बरामद हो गए। दो और शव मिलने की खबर के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। रेस्क्यू टीम अब हादसे में लापता अन्य युवकों की तलाश में अभियान जारी रखे हुए है। पुलिस और प्रशासन की निगरानी में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।



























