कोंडागांव : छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में वन मंत्री केदार कश्यप के काफिले के साथ सड़क हादसा हो गया। सिटी कोतवाली कोंडागांव क्षेत्र के घोड़ागांव के पास NH-30 पर सामने से आ रही एक स्कॉर्पियो ने पहले मंत्री के वाहन को साइड से टक्कर मारी और इसके बाद काफिले में चल रही फॉलो वाहन को भी टक्कर मार दी। हादसे में 4 पुलिसकर्मी और फॉलो वाहन का ड्राइवर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
मंत्री केदार कश्यप अस्पताल पहुंचे
हादसे की जानकारी मिलने के बाद वन मंत्री केदार कश्यप जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ कोंडागांव जिला अस्पताल पहुंचे। बताया जा रहा है कि मंत्री ने अस्पताल में घायलों का हाल जाना और उनके उपचार की जानकारी ली।
स्कॉर्पियो ने दो वाहनों को मारी टक्कर
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक काफिला NH-30 से गुजर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही स्कॉर्पियो ने मंत्री के वाहन को साइड से टक्कर मार दी। इसके बाद अनियंत्रित स्कॉर्पियो काफिले में पीछे चल रही फॉलो वाहन से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि फॉलो वाहन में सवार पुलिसकर्मी और ड्राइवर घायल हो गए। चार पुलिसकर्मियों और ड्राइवर की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घोड़ागांव के पास हुआ हादसा
यह सड़क हादसा सिटी कोतवाली कोंडागांव थाना क्षेत्र के घोड़ागांव के पास NH-30 पर हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की गई। फिलहाल हादसे के कारणों और दुर्घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर सामने आएगी।











































