बलौदाबाजार : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, बलौदाबाजार जिले के कुशभाठा गांव में शराब पीकर गाली-गलौज करने से रोकना एक सरपंच और उसके परिवार को भारी पड़ गया। महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेमशीला नायक के बेटे और पति समेत पांच लोगों पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आने के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फ़ैल गई है।
बताया जा रहा है कि मोहल्ले में शराब पीकर गाली-गलौज कर रहे लोगों को सरपंच ने मना किया था, जिसके बाद विवाद इतना बढ़ा कि दूसरे पक्ष ने कथित तौर पर सरपंच और उसके परिवार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सभी घायलों का बिलाईगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज जारी है। पूरा मामला सलिहा थाना क्षेत्र के कुशभाठा गांव का है।
क्या है पूरा मामला?
बलौदाबाजार जिले के कुशभाठा गांव में शराब पीकर गाली-गलौज करने से रोकना एक सरपंच और उसके परिवार को भारी पड़ गया। जानकारी के मुताबिक, गांव के मोहल्ले में कुछ लोग शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहे थे। इस पर गांव के वर्तमान सरपंच ने उन्हें ऐसा करने से मना किया। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।

गांव में तनाव की स्थिति
आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेमशीला नायक के परिवार पर हमला कर दिया। इस हमले में उनके पति और सरपंच बेटे समेत कुल पांच लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए बिलाईगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। वहीं, परिजनों का आरोप है कि विवाद की आशंका को देखते हुए बीती रात ही पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद विवाद नहीं थमा।
आरोप है कि आज सुबह फिर विवाद हुआ और पांच लोगों पर हमला कर दिया गया। फिलहाल घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बताई जा रही है। अब बड़ा सवाल यह है कि पुलिस को पहले से सूचना मिलने के बावजूद विवाद इतना कैसे बढ़ गया? पुलिस की कार्रवाई और आधिकारिक पक्ष का इंतजार है।



























