फतेहाबाद : हरियाणा के फतेहाबाद जिले में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। यहां शहर की 4 मरला कॉलोनी स्थित रोज कैफे में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देह व्यापार के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। डीएसपी संजय कुमार और महिला थाना प्रभारी मंजू सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने करीब तीन घंटे तक कैफे की गहन जांच की। छापेमारी के दौरान कैफे में तीन छात्राएं, चार विवाहित महिलाएं और तीन युवक संदिग्ध हालत में मिले।
कैफे की आड़ में चलाया जा रहा था सेक्स रैकेट
डीएसपी संजय कुमार ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि, छात्राओं के बैग की जांच की गई, तो उनमें किताबें मिली. जिसके बाद उन्हें पूछताछ के लिए महिला थाना ले जाया गया। बाद में उनके परिजनों को बुलाकर छात्राओं और दो युवकों को छोड़ दिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि कैफे के जरिए बाहरी महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार कराया जाता था। मौके पर कैफे संचालक दीपक गोस्वामी मौजूद नहीं मिला, जबकि काउंटर पर बैठा अजय कुमार पुलिस के हाथ लगा।
किराए के मकान में रहती थी कुछ महिलाएं
डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि, पुलिस ने कैफे संचालक और एक अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर किया है। जांच के दौरान मिली चार महिलाओं में एक रतिया, एक हिसार तथा दो पंजाब के अमृतसर और मानसा जिले की रहने वाली हैं।
पुलिस के अनुसार इनमें से कुछ महिलाएं रतिया में किराये पर रह रही थीं और यहीं से उन्हें कैफे में लाया जाता था। ग्राहकों से मिलने वाली रकम का 50 प्रतिशत हिस्सा महिलाओं को दिया जाता था, जबकि शेष राशि को कैफे संचालक दीपक गोस्वामी और उसका सहयोगी अजय कुमार आपस में बांटते थे। महिला थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।









































