नरसिंहपुर : नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। लिफ्ट देने के बहाने एक टैंकर चालक ने 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को अपने साथ ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक गोटेगांव थाना क्षेत्र की रहने वाली 16 वर्षीय नाबालिग अपनी दादी की डांट से नाराज होकर शुक्रवार सुबह घर से निकल गई थी। सुबह करीब 10 बजे नरसिंहपुर रोड पर उसने एक पेट्रोल टैंकर से लिफ्ट मांगी। चालक ने उसे नरसिंहपुर छोड़ने की बजाय बहला-फुसलाकर छिंदवाड़ा रोड की ओर ले गया।
टैंकर रोककर केबिन में ही नाबालिग को बनाया शिकार
शाम होने पर आरोपी चालक ने सुनसान जगह पर टैंकर रोककर केबिन में ही नाबालिग के साथ जबरन दुष्कर्म किया। बाद में एक पेट्रोल पंप पर मौका मिलते ही पीड़िता ने भागने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उसे फिर पकड़ लिया। रास्ते में पीड़िता ने आरोपी के मोबाइल से अपने परिजनों को सूचना दी। आरोपी बाद में लड़की को गोटेगांव बायपास के पास छोड़कर फरार हो गया।



























