जबलपुर : मध्य प्रदेश के जबलपुर के बरगी डैम क्रूज हादसे को लेकर एक चौंकाने वाली आपबीती सामने आई है। हादसे में सुरक्षित बचे रोशन आनंद और उनका परिवार उस खौफनाक मंजर को याद कर सिहर उठता है। इस भयावह हादसे के कुछ देर पहले के वीडियो भी सामने आए हैं जिसमें पहले खुशी और फिर खौफ की तस्वीरें साफ तौर पर देखी जा सकती हैं।
हादसे में बदला ख़ुशी का सफर
दरअसल, जिस एक साल के मासूम का आज जन्मदिन है, वह कल अपने परिवार के साथ घूमने के लिए क्रूज पर गया था। लेकिन खुशी का यह सफर अचानक भयावह हादसे में बदल गया। रोशन आनंद ने बताया कि हादसे के वक्त हालात इतने बिगड़ गए थे कि लोगों में चीख-पुकार मच गई, लेकिन सबसे हैरान करने वाली बात ये रही कि पर्यटकों को बचाने के बजाय क्रूज स्टाफ के तीन लोग सबसे पहले कूदकर अपनी जान बचाने में लग गए।
बच सकती थी कई जिंदगियां
रोशन आनंद ने हिम्मत दिखाते हुए क्रूज का कांच तोड़ा और अपने परिवार सहित कई अन्य लोगों की जान बचाई। हालांकि इस अफरा-तफरी में उनका एक साल का बेटा उनसे बिछड़ गया, जो कई घंटों बाद जाकर मिला। उन्होंने साफ तौर पर प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अगर समय रहते सतर्कता बरती जाती, तो कई जिंदगियां बचाई जा सकती थीं।





















