रायगढ़ : रायगढ़ जिले में लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बताया जा रहा है कि चार नकाबपोश बदमाशों ने एक व्यापारी को निशाना बनाते हुए कट्टे की नोंक पर 50 हजार रुपए नकद लूट लिए। घटना धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र की है, जहां पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक सरगुजा जिले के सीतापुर निवासी संतोष गुप्ता चिल्हर व्यापारी हैं। वे अपने हेल्पर नंदकिशोर दास के साथ पिकअप वाहन में धान, चावल और महुआ की खरीदी के लिए ग्राम चाल्हा और रूवांफूल गए थे। दिनभर खरीदी करने के बाद दोनों देर शाम वापस कापू लौट रहे थे। शाम करीब 6 बजे के लगभग उनकी पिकअप ग्राम रामपुर स्थित लम्ती नाला डेम के पास मुख्य सड़क पर पहुंची। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने सड़क के बीचों-बीच मोटी लकड़ी रखकर रास्ता रोक दिया था।
हालात को देखते हुए हेल्पर नंदकिशोर दास गाड़ी से उतरकर लकड़ी हटाने लगे। इसी बीच दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश युवक मौके पर पहुंचे और कट्टा अड़ाकर संतोष गुप्ता को धमकाने लगे। बदमाशों ने उनके पास रखे बैग से करीब 50 हजार रुपए नकद लूट लिए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने गाड़ी की चाबी निकालकर टूल बॉक्स की भी तलाशी ली और संतोष का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए।वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिकअप को बीच सड़क पर छोड़कर खम्हार मार्ग की ओर फरार हो गए।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार ने संतोष से घटना की जानकारी ली। जिस पर उसने बताया कि चारों बदमाश खम्हार रोड की तरफ भागे हैं।रात हो जाने के कारण पीड़ित अपने घर लौट गया और अगले दिन थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।











































