गौरेला पेंड्रा मरवाही :- गौरेला नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत पतेरा टोला, वार्ड क्रमांक 1 में एक बड़ा हादसा टल गया. जब वर्षों से जर्जर पानी टंकी अचानक भरभरा कर गिर गई. टंकी गिरते ही उसमें भरा हजारों लीटर पानी तेजी से बह निकला, जो आसपास के घरों में जा घुसा. पानी कई लोगों के आंगन तक पहुंच गया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
10 साल से बंद थी टंकी
जानकारी के अनुसार, संबंधित पानी की टंकी पिछले करीब 10 साल से बंद पड़ी थी और इसकी हालत बेहद खराब थी. स्थानीय रहवासियों ने कई बार नगर पालिका प्रशासन को टंकी की जर्जर स्थिति से अवगत कराते हुए इसे चालू न करने की मांग की थी. इसके बावजूद पानी की समस्या को देखते हुए प्रशासन ने टंकी में दोबारा पानी भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी.
पानी टंकी में दबाव बढ़ते ही हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही टंकी में पानी का दबाव बढ़ा, वह अचानक भरभरा कर गिर गई.गनीमत रही कि हादसे के समय टंकी के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. हालांकि, पानी के तेज बहाव से लोगों के घरों में पानी घुस गया और कुछ सामान भी प्रभावित हुआ.
घटना के बाद आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है. रहवासियों ने नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बार-बार की चेतावनी को नजरअंदाज किया गया. लोगों का कहना है कि यदि पहले ही टंकी की मरम्मत या हटाने की कार्रवाई की जाती, तो इस तरह की स्थिति उत्पन्न नहीं होती.





















