इंस्टाग्राम एक नया ऐप लाने की तैयारी कर रही है, जिसका नाम Instants है. इस नए ऐप का नाम तो इंस्टाग्राम से मिलता-जुलता ही है, लेकिन इसका काम थोड़ा अलग है. फिलहाल, इंस्टाग्राम ने अपने इस नए ऐप को स्पेन और इटली में लॉन्च किया है. इस ऐप के जरिए यूज़र्स अपने दोस्तों के साथ जिन फोटोज़ को शेयर करेंगे, उसे सिर्फ एक बार ही देखा जा सकेगा और 24 घंटे बाद वो अपने-आप गायब हो जाएगा.
इस ऐप का फीचर सुनने में काफी हद तक व्हाट्सएप चैट में View Once वाले फीचर से मिलत-जुलता लगता है. इंस्टेंट्स में फोटो लेना काफी आसान है. इसमें सिर्फ एक टैप में कैमरा खुलता है और फोटो क्लिक हो जाती है. इसमें कोई एडिटिंग की सुविधा नहीं है. आप अपनी गैलरी से पुरानी फोटो अपलोड भी नहीं कर सकते. सिर्फ ऐप के अंदर का कैमरा ही इस्तेमाल करना पड़ता है. इसी कारण फोटो को “इंस्टेंट्स” कहा जाता है. आप इसमें टेक्स्ट जरूर जोड़ सकते हैं, लेकिन फोटो को और कोई बदलाव नहीं कर सकते.
इंस्टाग्राम से अलग इंस्टेंट्स
यह ऐप इंस्टाग्राम से काफी अलग है. इंस्टाग्राम पर लोग अपनी अच्छी-खासी, एडिट की हुई फोटोज़ पोस्ट करते हैं, जबकि इंस्टेंट्स में असली जिंदगी की साधारण और बिना एडिट की पिक्चर्स शेयर की जाती है. इसमें स्नैपचैट, लॉकेट और बीरियल जैसे ऐप्स का असर दिखता है. कंपनी का मकसद है कि लोग बिना किसी दबाव के दोस्तों से जल्दी-जल्दी कनेक्ट कर सकें.
इंस्टाग्राम पहले भी कुछ देशों में Instants को अपने मुख्य ऐप के अंदर टेस्ट कर चुका है. अब कंपनी ने इसका एक स्टैंडअलोन ऐप भी पेश कर दिया है. इसे यूज़र्स अपनी पसंद के अनुसार दोनों जगह इस्तेमाल कर सकते हैं. कंपनी का कहना है कि वो कई वर्ज़न टेस्ट कर रहे हैं और यूज़र्स की राय सुनकर आगे फैसला लेंगे. आप Instants को अपने म्यूचुअल फॉलोअर्स या क्लोज फ्रेंड्स लिस्ट के साथ शेयर कर सकते हैं. दोनों ऐप्स में यह लिस्ट एक ही रहती है. ऐप आईओएस और एंड्रॉइड दोनों पर उपलब्ध है.
इंस्टाग्राम की शुरुआत दोस्तों के बीच साधारण फोटोज शेयर करने से हुई थी, लेकिन समय के साथ यह ज्यादा पॉलिश्ड और इन्फ्लुएंसर्स वाला प्लेटफॉर्म बन गया. अब Instants के जरिए कंपनी फिर से अपने पुराने रूट्स पर लौटना चाहती है. वहां कंपनी असली पलों की शेयरिंग को बढ़ावा दे रही है. हालांकि, कुछ लोग कह रहे हैं कि इंस्टाग्राम इस ट्रेंड में थोड़ा लेट हो गया है. बीरियल अब पहले जितना पॉपुलर नहीं रहा. साथ ही इंस्टाग्राम स्टोरीज़ पहले से ही ऐसी साधारण और अस्थाई शेयरिंग के लिए इस्तेमाल होती है. इस कारण यह देखना दिलचस्प होगा कि इंस्टाग्राम से एक अलग ऐप Instants को लोगों का कैसा रिस्पॉन्स मिलता है.





















