धमतरी:- शनिवार को धमतरी के रत्नाबांधा इलाके में भीषण आग लग गई. बर्तन व्यापारी का गोदाम आग में जलकर राख हो गया. आग इतनी भयावह थी कि हर तरफ धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था. लोगों ने आग की सूचना फायर ब्रिगेड की टीम को दी. उसके बाद पांच दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का मिशन शुरू किया गया. आग पर काबू पाने में पांच दमकल की गाड़ियां कम पड़ रही थी. उसके बाद कुरुद से अतिरिक्त दमकल की गाड़ियों को बुलाया गया. करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली.
आग से लाखों रुपये का नुकसान
गोदाम में एल्यूमिनियम, स्टील और प्लास्टिक के सामान के साथ बड़ी संख्या में प्लास्टिक के ड्रम रखे हुए थे, जिनमें आग तेजी से फैल गई. करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली. गोदाम के पीछे बांस के पेड़ों में आग लगी थी, जिसकी लपटें गोदाम तक पहुंचीं और उसने विकराल रूप ले लिया. हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन लाखों रुपये के नुकसान का अंदेशा जताया जा रहा है.
कैसे गोदाम में लगी आग
धमतरी चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष कैलाश कुकरेजा ने बताया कि गोदाम के पीछे बांस के पेड़ों में पहले आग लगी थी, जिसकी चिंगारी गोदाम तक पहुंची. शुरुआत में आग छोटी थी, लेकिन धीरे-धीरे भीषण रूप ले लिया. गोदाम में शादी सीजन के लिए रखा सामान जलकर खाक हो गया है. प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक करीब 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है.





















