Rajnandgaon

CG News : डेंटल कॉलेज मेस के खाने में निकला मरा हुआ मेंढक …. मचा हड़कंप, जांच में एक्सपायरी और प्रतिबंधित सामग्री भी मिली

राजनांदगांव : राजनांदगांव जिले के सुंदरा स्थित छत्तीसगढ़ डेंटल कॉलेज के मेस में छात्रों की सेहत के साथ खिलवाड़ का मामला सामने आया है। यहां मेस में बनने वाले खाने से मरा हुआ मेंढक मिलने के बाद हड़कंप मच गया। वहीं इस घटना की शिकायत के बाद जब फूड एवं सेफ्टी विभाग ने मौके पर जांच की तो कई चैकाने वाली जानकारियां सामने आयी।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में सरकारी स्कूल हो या फिर अस्पताल खाने की गुणवत्ता के साथ हमेशा ही समझौता किया जाता रहा है। अब ताजा मामला राजनांदगांव जिले के डेंटल मेडिकल कालेज से सामने आया है। जहां भविष्य में डाक्टर बनने वाले छात्रों की सेहत के साथ प्रबंधन खिलवाड़ कर रहा है। बताया जा रहा है कि यहां मेस में खाना खाने पहुंचे एक छात्र की थाली में सब्जी के साथ मरा हुआ मेंढक मिला।

घटना 7 जनवरी की बतायी जा रही है। खाने की थाली में मेंढक मिलने की खबर के बाद कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया। छात्रों ने इस गभीर लापरवाही की तुरंत शिकायत की। जिसके बाद फूड एवं सेफ्टी विभाग ने मेस का निरीक्षण किया गया। मौके पर पहुंची टीम ने जांच के दौरान देखा कि थाली में परोसे गये चावल में इल्ली-कीड़ा भी मरा पड़ा था, मेस में साफ सफाई की कमी थी और ज्यादातर अनाज एक्सपायरी डेट का इस्तेमाल हो रहा था।

कुल मिलाकर देखा जाये तो दूसरों की सेहत का ध्यान रखने वाले भविष्य के डाॅक्टरों की सेहत के साथ ही प्रबंधन खुलेआम खिलवाड़ कर रहा था। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद विभाग ने स्वास्थ्य और सुरक्षा मानकों में गंभीर खामियां पाए जाने पर मेस का संचालन करने वाली संस्था को नोटिस जारी किया है। आपको बता दे डेंटल मेडिकल कालेज में छत्तीसगढ़ के अलावा दूसरे राज्य के छात्र भी पढ़ते है। इस घटना को लेकर छात्रों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है।

डीन ने जांच के बाद एक्शन की कही बात

छत्तीसगढ़ डेंटल कॉलेज के डीन डॉक्टर एसके नंदा ने बताया कि मेस में परोसे गए भोजन में मृत मेंढक मिलने की शिकायत की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि संस्था को समय-समय पर साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखने की हिदायत दी जाती है। हालांकि उन्होंने एक्सपायरी खाद्य पदार्थ मिलने की जानकारी से इनकार किया। डीन ने कहा कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आयेंगे, उसके आधार पर संबंधित दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।

What's your reaction?

Related Posts

1 of 4