लुधियाना : पंजाब के लुधियाना में पंजाबी गायक और गीतकार बलजीत सिंह का शव गुरुवार को उनके घर से बरामद हुआ। सिंगर की सड़ी-गली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फ़ैल गई। उनके मौत के बाद फैंस और परिजनों में शोक की लहर है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कई दिन बाद घर से बरामद हुआ शव
बताया जाता है कि 35 वर्षीय बलजीत सिंह घर में अकेले रहते थे। पुलिस ने बताया कि शव कई दिन पुराना होने के कारण सड़ चुका था। घर से बदबू आने के बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। सुधार पट्टी धालीवाल थाना प्रभारी कुलविंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घर में जांच के बाद बलजीत सिंह का शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा। थाना प्रभारी कुलविंदर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बलजीत सिंह की मौत का कारण दिल का दौरा बताया गया है।












































