चंडीगढ़ : देश के कई राज्य इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। लगातार तापमान बढ़ने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। दिन तो दिन रात में भी अब उमस से लोग परेशान हो गए हैं। अब इसका असर स्कूली बच्चों पर भी पड़ रहा है। हालत को देखते हुए हरियाणा सरकार ने स्कूलों में गर्मियों की छुट्टी का ऐलान कर दिया है।
30 जून तक गर्मी छुट्टी का ऐलान
हरियाणा सरकार ने भीषण गर्मी के बीच 25 मई से 30 जून तक सभी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश की बुधवार को घोषणा की। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यह निर्णय पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी के मद्देनजर लिया। राज्य के कई स्थानों पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है।
हरियाणा में 2024 में भी मई के अंत में भीषण गर्मी पड़ी थी और प्रदेश सरकार ने उस समय 28 मई से 30 जून तक सभी सरकारी तथा निजी स्कूलों के लिए गर्मियों की छुट्टियों की घोषणा की थी। हरियाणा में अधिकतर स्कूल आमतौर पर एक जून से 30 जून के बीच गर्मी की छुट्टियों के लिए बंद रहते हैं।





















