रायपुर : नया रायपुर के ग्राम नकटी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर इस मुद्दे को लेकर “निम्न स्तरीय राजनीति” करने का आरोप लगाया है। भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने शनिवार को प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कांग्रेस भोले-भाले ग्रामीणों को गुमराह कर आंदोलन की राह पर ले जा रही है, जबकि पूरे मामले की पटकथा उसकी अपनी सरकार के समय लिखी गई थी। डॉ. मार्कण्डेय ने कहा कि कांग्रेस अब “पीडीएफ यानी पर्दा डालो फोर्स” बन चुकी है और उसे गरीबों की नहीं, बल्कि अपने करीबियों के हितों की चिंता है।
भूपेश सरकार के समय शुरू हुई थी प्रक्रिया
भाजपा नेता ने दावा किया कि नकटी क्षेत्र में आवासीय कॉलोनी विकसित करने की प्रक्रिया वर्ष 2020 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई थी। हाउसिंग बोर्ड की मांग पर पटवारी, आरआई और तहसीलदार ने नियमानुसार भूमि चिन्हांकन कर प्रस्ताव शासन को भेजा था।उन्होंने कहा कि जैसे ही लोगों को यहां आवासीय परियोजना की जानकारी मिली, वर्ष 2022-23 के दौरान बड़े पैमाने पर सरकारी जमीन पर कब्जे शुरू हो गए। पहले जहां लगभग तीन हेक्टेयर भूमि पर सीमित अतिक्रमण था, वहीं बाद में कब्जे का दायरा तेजी से बढ़ गया।
जरूरत से कई गुना ज्यादा जमीन पर कब्जे का आरोप
डॉ. मार्कण्डेय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब परिवारों को आवास के लिए सामान्यतः ढाई डिसमिल जमीन दी जाती है, लेकिन नकटी में कई लोगों ने 10 हजार से 20 हजार वर्गफीट तक सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया। उनके मुताबिक, कई स्थानों पर 50 लाख रुपये तक मूल्य के मकान और बाड़ियां भी बना ली गईं।उन्होंने कहा कि नया रायपुर के विकास की योजना के तहत नकटी तीसरे चरण का गांव है और वहां चरणबद्ध विकास होना है।
“कांग्रेस बताए, क्या अवैध कब्जों का समर्थन करती है?”
भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कांग्रेस से सवाल करते हुए कहा कि क्या पार्टी पूरे प्रदेश में अवैध कब्जों को संरक्षण देना चाहती है? उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में सरकारी जमीनों को बेचने संबंधी अधिसूचना जारी की गई थी, जिसके जरिए कई प्रभावशाली लोगों ने रियायती दरों पर जमीन खरीदी। बाद में इस आदेश को हाईकोर्ट ने निरस्त कर दिया।
“सेरीखेड़ी में 122 परिवारों को बेघर किया”
डॉ. मार्कण्डेय ने कांग्रेस पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के समय सेरीखेड़ी में 122 परिवारों को हटाया गया था, लेकिन उन्हें न पुनर्वास मिला और न ही वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराया गया।उन्होंने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार ने संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए पहले प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था की। 29 जून को 61 परिवारों को नया रायपुर के सेक्टर-30 में आवास आवंटित किए गए और उन्हें विधिवत चाबी सौंपकर वहां शिफ्ट कराया गया। इसके बाद ही अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
“झूठा नैरेटिव गढ़ रही कांग्रेस”
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास जनहित का कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह झूठा नैरेटिव तैयार कर लोगों को भड़काने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार विकास और जनहित दोनों को ध्यान में रखकर काम कर रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने भी किया पलटवार
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने कहा कि कांग्रेस यह गलत प्रचार कर रही है कि पूरा नकटी गांव तोड़ दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गांव के कुल 17 वार्डों में से केवल एक वार्ड में अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई की गई है।उन्होंने यह भी कहा कि जिस आवासीय परियोजना का विरोध किया जा रहा है, वह केवल विधायकों के लिए नहीं है, बल्कि अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए भी सामूहिक आवास योजना का हिस्सा है।प्रेस कॉन्फ्रेंस में रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्याम नारंग और जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप यदु भी मौजूद रहे।























