दुर्ग : दुर्ग जिले के वैशाली नगर थाना पुलिस ने दहेज प्रताड़ना के एक गंभीर मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पीड़िता की सास और देवर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। आरोप है कि दोनों ने दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। इतना ही नहीं, गाली-गलौज, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने के साथ अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर भी उसे परेशान किया गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की शिकायत पर मामले की जांच की गई, जिसमें लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद दहेज प्रतिषेध अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुषमा पाण्डेय (50 वर्ष) और अस्वनी पाण्डेय (23 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों को भिलाई के शांतिनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और शिकायत में सामने आए अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है। यदि जांच के दौरान अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दुर्ग पुलिस ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और धमकी जैसे मामलों में शिकायत मिलने पर त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाएगी।























