Korba

Korba : कोरबा में मछली पकड़ने गए ग्रामीण की नाले में बहने से मौत, 48 घंटे बाद SDRF ने बरामद किया शव

कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। डिंडोलभाठा गांव में मछली पकड़ने गए एक ग्रामीण की उफनते नाले में बहने से मौत हो गई। लगातार बारिश और तेज बहाव के कारण करीब 48 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की संयुक्त टीम ने बुधवार को ग्रामीण का शव बरामद किया।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, डिंडोलभाठा निवासी 52 वर्षीय बंधु लोहार सोमवार को गांव के समीप स्थित नाले में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान अचानक हुई बारिश से नाले का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और तेज बहाव की चपेट में आने से वे बह गए। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने आसपास के लोगों के साथ उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। मंगलवार सुबह परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मोतीलाल पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल खोजबीन शुरू कराई।

हालांकि लगातार बारिश, उफनते नाले और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने एसडीआरएफ की सहायता ली और संयुक्त टीम ने पूरे दिन सर्च ऑपरेशन चलाया। लगातार प्रयासों के बावजूद मंगलवार को सफलता नहीं मिल सकी। अंधेरा होने और पानी का बहाव अत्यधिक होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से रेस्क्यू अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। बुधवार सुबह पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने एक बार फिर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बंधु लोहार का शव नाले से बरामद कर लिया गया।

बताया जा रहा है कि यह नाला आगे जाकर अहिरन नदी में मिलता है, जहां लगातार बारिश के चलते जलस्तर काफी बढ़ा हुआ था, जिससे तलाश अभियान और अधिक कठिन हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद डिंडोलभाठा गांव में शोक की लहर है और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि उफनते नालों, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास जाने से बचें तथा मछली पकड़ने या अन्य कार्यों के लिए जोखिम न उठाएं, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

What's your reaction?

Related Posts

1 of 30