रांची : झारखंड में कांग्रेस विधायक भुषण बाड़ा के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। सिमडेगा विधानसभा सीट से विधायक भुषण बाड़ा पर एक नाबालिग लड़की ने दुष्कर्म और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में DSP नीरज कुमार ने मीडिया को बताया कि कांग्रेस विधायक भुषण बाड़ा के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाया गया है। इस मामले में FIR दर्ज की गई है। हालांकि, उन्होंने जांच का हवाला देते हुए शिकायत से जुड़ी दूसरी जानकारियां नहीं दी है।
पढ़ाई का झांसा देकर रांची लाने का आरोप
शिकायत के मुताबिक़ नाबालिग लड़की ने आरोप लगाया है कि मई 2026 में दो महिलाएं उसे पढ़ाई और स्कूल में दाखिला दिलाने का झांसा देकर रांची ले आई थीं। लेकिन उसे स्कूल में दाखिला दिलाने के बजाय विधायक भुषण बाड़ा के सरकारी आवास पर ले जाया गया। वहां उससे घर के काम करवाए जाते थे। लड़की का आरोप है कि जून में उसे वापस सिमडेगा ले जाया गया, जहां उससे ईंट और बालू ढुलवाने का काम कराया गया। इसके बाद फिर उसे रांची स्थित विधायक आवास लाया गया। इस दौरान उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज और ठीक से खाना नहीं देने का भी आरोप लगाया गया है।
विधायक पर दुष्कर्म करने का आरोप
शिकायत में नाबालिग ने आरोप लगाया कि 5 अगस्त की दोपहर वह विधायक के आवास पर उन्हें पानी देने के लिए ऊपर गई थी। इसी दौरान विधायक ने उसके साथ जबरदस्ती की और दुष्कर्म किया।
POCSO एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग
पीड़िता ने बताया कि उसके पिता की मृत्यु हो चुकी है और मां ने बचपन में ही उसे छोड़ दिया था। उसने विधायक के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई करने और दोनों महिलाओं के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। लड़की ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस सुरक्षा भी मांगी है।
विधायक ने किया इंकार, बताई साजिश
दूसरी तरफ कांग्रेस विधायक भूषण बारा ने शुक्रवार को अपने ऊपर लगे रेप के आरोप से इनकार किया और इसे उनके विरोधियों द्वारा उनकी इमेज खराब करने की “पूरी तरह से मनगढ़ंत” साज़िश बताया। बारा ने कहा कि वह और उनकी पत्नी युवाओं के साथ अपने बच्चों जैसा व्यवहार करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत करने वाली महिला को उनके खिलाफ आरोप लगाने के लिए गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनसे जुड़े कई युवाओं को उनकी शिक्षा और प्रोफेशनल ट्रेनिंग में मदद की जा रही है।
ANI से बात करते हुए, कांग्रेस नेता ने कहा, “यह आरोप झूठा है। यह पूरी तरह से मनगढ़ंत है। कुछ विरोधी हमारी रेप्युटेशन खराब करने के लिए यह साज़िश कर रहे हैं। खासकर, हमारी बनाई इमेज, हमारे काम की रफ़्तार और जिस तरह से हम लगातार लोगों के साथ खड़े रहते हैं, उसे कमज़ोर करने के लिए। वे यह सिर्फ़ हमें बदनाम करने के लिए कर रहे हैं।



























