रायपुर : छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग ने अलग-अलग मामलों में तीन आबकारी उप निरीक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की है। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में पदस्थ आबकारी उप निरीक्षक संतोष कुमार नारंग को निलंबित किया गया है। वहीं दो अन्य अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। संतोष कुमार नारंग के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) में मामला दर्ज होने के बाद विभाग ने यह कार्रवाई की है।
आबकारी आयुक्त के आदेश के बाद उन्हें निलंबित किया गया है। वहीं आशाराम शाक्य, आबकारी उप निरीक्षक और तत्कालीन डीईओ कार्यालय बालोद के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। ग्राम अरकार में जब्त शराब की पेटियों की जांच के दौरान बोतलों पर लगे होलोग्राम की जांच की गई। इसमें निर्धारित सीमा से अधिक मात्रा में शराब बिक्री किए जाने की बात सामने आई। इस मामले में उन्हें नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर जवाब मांगा गया है।
इसी तरह पी. माधव राव, तत्कालीन आबकारी उप निरीक्षक, जिला बलौदाबाजार के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। उन पर देशी कंपोजिट रोहासी की विदेशी शराब दुकान में निर्धारित कीमत से अधिक दाम पर शराब बेचने की शिकायत के संबंध में नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने दोनों अधिकारियों से सात दिनों के भीतर अपना पक्ष रखने को कहा है। जवाब मिलने के बाद विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई की जाएगी।











































