पेंड्रा : पेंड्रारोड जिला जेल से दुष्कर्म के मामले में बंद एक कैदी के फरार होने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। हालांकि जेल प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से आरोपी को करीब 8 घंटे बाद गिरफ्तार कर लिया गया। घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, दुष्कर्म के मामले में बंद कुलदीप राठौर उर्फ पटेल को दो दिन पहले ही पेंड्रारोड जिला जेल में दाखिल किया गया था। शनिवार सुबह कैदियों को बैरक से बाहर निकालने के दौरान उसने मौके का फायदा उठाया और जेल की दीवार फांदकर फरार हो गया। कैदी के फरार होने की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन और गौरेला पुलिस सक्रिय हो गई। आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाश अभियान चलाया गया और रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित विभिन्न स्थानों पर जांच शुरू की गई। संयुक्त प्रयासों के तहत पुलिस ने फरार आरोपी को जिला जेल से लगभग 5 किलोमीटर दूर पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन परिसर से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसे पुनः न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। मामले में जेल प्रहरी अखिलेश पांडेय की शिकायत पर गौरेला पुलिस ने आरोपी कुलदीप राठौर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 262 के तहत मामला दर्ज किया है। घटना के बाद जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। आखिर एक बंदी जेल की दीवार फांदकर कैसे फरार हो गया, इसे लेकर जांच की मांग उठ रही है। पुलिस और जेल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं ताकि सुरक्षा में हुई चूक का पता लगाया जा सके।























