अंबिकापुर : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लैंगा में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने पति पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि महिला को बिस्तर में करंट प्रवाहित कर जानबूझकर मार दिया गया। वहीं पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और हर पहलू को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
जानकारी के अनुसार, मृतका मूल रूप से लक्ष्मणगढ़ की रहने वाली थी और उसकी शादी वर्ष 2020 में ग्राम लैंगा निवासी संतलाल (26) के साथ सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। मृतका के भाई राजेंद्र प्रसाद और अन्य परिजनों का आरोप है कि शादी के दो वर्ष बाद भी संतान नहीं होने के कारण संतलाल अपनी पत्नी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा था।
परिजनों ने बताया कि इस विवाद को लेकर समाज स्तर पर दो बार बैठक भी आयोजित की गई थी। बैठकों में पति को पत्नी के साथ अच्छा व्यवहार करने और घरेलू विवाद खत्म करने की समझाइश दी गई थी। इसके बावजूद पति के व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया। मायके पक्ष का आरोप है कि लगातार प्रताड़ना के बाद आखिरकार महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के भाई का कहना है कि 17 मई की रात उसकी बहन की घर के भीतर मौत हो गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि संतलाल ने बिस्तर में करंट प्रवाहित कर उसकी हत्या की है। परिजनों के मुताबिक, महिला के हाथों में जलने के निशान मिले थे, जिससे उन्हें हत्या की आशंका हुई। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में हत्या से संबंधित कोई ठोस प्रमाण सामने नहीं आया है। उदयपुर थाना प्रभारी शशिकांत सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में करंट लगने से मौत की पुष्टि हुई है।
मृतका के हाथों में दो जगह जलने के निशान पाए गए हैं, लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि करंट जानबूझकर लगाया गया था या हादसा था। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल की जांच कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में की गई थी। जांच के दौरान घर में कई जगह बिजली के तार खुले और असुरक्षित हालत में पाए गए। सीलिंग फैन से जुड़ा तार भी कई स्थानों से कटा हुआ था। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि उसी तार के संपर्क में आने से महिला को करंट लगा और उसकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के समय घर में केवल पति-पत्नी ही रहते थे। घटना के दौरान पति घर पर मौजूद नहीं था। वह अपने एक परिचित के यहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गया था। जब वह वापस लौटा तो पत्नी को मृत अवस्था में पाया। हालांकि मायके पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद पति डीजे कार्यक्रम में डांस करता नजर आया, जिससे उनकी शंका और गहरा गई है। पुलिस ने कहा है कि इन आरोपों की भी जांच की जा रही है।











































