अंबिकापुर/सरगुजा : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में शुक्रवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। लुंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम नागम बांसपारा में बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े चार बच्चे बिजली की चपेट में आ गए। हादसे में दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो सगे भाई गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों घायलों का इलाज अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जारी है।
बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे रुके थे बच्चे
जानकारी के अनुसार, ग्राम नागम निवासी संदीप नगेसिया (11), रोशन पनिका (12), प्रभु राम नगेसिया (12) और दिनेश नगेसिया (11) शुक्रवार शाम गांव में खेल रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए चारों बच्चे ग्राम पंचायत नागम के पास सड़क किनारे स्थित एक पेड़ के नीचे जाकर खड़े हो गए। कुछ ही देर बाद तेज गर्जना के साथ उसी पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से चारों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
दो बच्चों की मौके पर मौत
हादसे में संदीप नगेसिया और रोशन पनिका की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं प्रभु राम नगेसिया और दिनेश नगेसिया, जो आपस में सगे भाई हैं, गंभीर रूप से झुलस गए।घटना के बाद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और चारों बच्चों को धौरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने संदीप और रोशन को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों भाइयों को प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मोबाइल साथ होने की भी चर्चा, जांच जारी
ग्रामीणों के अनुसार, हादसे के समय बच्चों के पास एक मोबाइल फोन भी था। हालांकि, आकाशीय बिजली गिरने का कारण मोबाइल था या नहीं, इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और प्रशासन मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।
बारिश के दौरान बरतें सावधानी
मौसम विभाग लगातार प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी कर रहा है। विशेषज्ञों की सलाह है कि गरज-चमक के दौरान पेड़ के नीचे खड़े होने से बचें, खुले मैदानों से दूर रहें और सुरक्षित भवन में शरण लें।

























