दुर्ग : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक सरकारी स्कूल में उस समय हड़कंप मच गया, जब कुछ स्कूली बच्चों ने कथित तौर पर नींद की गोलियां खा लीं। घटना में 5 छात्रों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।यह मामला दुर्ग शहर के पंचशील नगर स्थित चंद्रशेखर आजाद स्कूल का बताया जा रहा है।
छात्र द्वारा लाई गई थीं नींद की गोलियां
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक छात्र अपने साथ नींद की गोलियां स्कूल लेकर आया था। इसके बाद कई बच्चों ने गोलियां खा लीं, जिससे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। स्कूल प्रबंधन ने तत्काल परिजनों को सूचना दी और सभी प्रभावित बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया।
5 बच्चों का अस्पताल में इलाज जारी
घटना के बाद आनन-फानन में 5 बच्चों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। फिलहाल सभी बच्चों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने दिए जांच के आदेश
घटना की गंभीरता को देखते हुए इसकी जानकारी प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव तक पहुंची। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। मंत्री ने अधिकारियों को घटना के सभी पहलुओं की जांच कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
स्कूल प्रशासन और पुलिस कर रही जांच
स्कूल प्रशासन और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि छात्र नींद की गोलियां स्कूल कैसे लेकर आया, गोलियां कहां से मिलीं और किन परिस्थितियों में अन्य बच्चों ने उनका सेवन किया। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

























